March 20, 2026

नवरात्रि के दूसरे दिन माता ब्रह्मचारिणी की भव्य पूजा-अर्चना का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्रों के दूसरे दिन माता माता ब्रह्मचारिणी की भव्य पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और वातावरण भक्तिमय बना रहा।मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रातःकालीन पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, दिनेश भाटिया, फकीरचंद कथूरिया, उद्योगपति आर.के. बत्रा, नेतराम, कमल खत्री और मनोज सचदेवा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मंदिर प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर जगदीश भाटिया ने माता ब्रह्मचारिणी की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि माता के एक हाथ में माला और दूसरे हाथ में जलपात्र होता है। मान्यता है कि नवरात्रि के दूसरे दिन माता ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-शांति का आगमन होता है।

उन्होंने बताया कि माता को दूध, मिश्री, पंचामृत एवं मीठे पकवानों का भोग अर्पित करना विशेष रूप से शुभ माना जाता है। साथ ही इस दिन हरे रंग के वस्त्र धारण करना भी शुभ होता है, जो शांति, विकास और समृद्धि का प्रतीक है।

धार्मिक कथा के अनुसार, माता ब्रह्मचारिणी का जन्म पर्वतराज हिमालय के घर हुआ था और उन्होंने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी। उनकी कठोर साधना से प्रसन्न होकर देवताओं ने उन्हें शिव जी को पति रूप में प्राप्त होने का वरदान दिया। इसी कारण उनका नाम ब्रह्मचारिणी पड़ा।

मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।