Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयोजित “समाधान शिविर” जिला वासियों के लिए लाभकारी साबित हो रहे हैं। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता नगराधीश (सीटीएम) अंकित कुमार ने की।
सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि शिविर में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आईं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित समस्याएं भी प्रमुख रूप से दर्ज की गईं।
उन्होंने बताया कि सभी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।
सीटीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर हैं और जनहित में इस पहल को लगातार जारी रखा जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नक्शा पास कराने, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य या आपराधिक मामलों से संबंधित किसी भी समस्या के लिए समाधान शिविर में आकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में इन शिविरों का आयोजन कर रहा है, जहां नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
शिविर में डीडीपीओ प्रामिन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

