March 19, 2026

फरीदाबाद और रूस के ब्यूनस्की म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट के बीच एमओयू, शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

Faridabad/Alive News: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से महापौर प्रवीण बत्रा जोशी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत फरीदाबाद नगर निगम और रूस के ब्यूनस्की म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

यह समझौता इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। इस अवसर पर शिक्षा, तकनीक, निवेश और शहरी विकास के क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा की गई।

महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य फरीदाबाद को और अधिक विकसित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि शहर में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को मजबूत किया जाएगा, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा और बागवानी व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम फरीदाबाद द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा किया जाएगा, वहीं अन्य देशों की सफल योजनाओं से सीख लेकर उन्हें स्थानीय स्तर पर लागू किया जाएगा। महापौर ने इस समझौते को शहर के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इससे फरीदाबाद के विकास को नई दिशा मिलेगी। यह एमओयू तीन वर्षों के लिए किया गया है।

इस समझौते के माध्यम से शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन, तकनीकी सहयोग और निवेश जैसे क्षेत्रों में संयुक्त गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे दोनों शहरों के नागरिकों को भविष्य में व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस मौके पर रूसी प्रतिनिधियों और विभिन्न शहरों के महापौरों ने नरेंद्र मोदी, मनोहर लाल खट्टर, नायब सिंह सैनी तथा विपुल गोयल का इस समझौते के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।