March 19, 2026

चैत्र नवरात्र महोत्सव आज से शुरु, मंदिरों और बाजारों में दिखा उत्साह

Faridabad/Alive News: शहर में चैत्र नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ बृहस्पतिवार से होने जा रहा है। नवरात्र के आगमन के साथ ही पूरे फरीदाबाद में धार्मिक उल्लास का माहौल बन गया है। मंदिरों और घरों में कलश स्थापना के साथ मां जगदंबा के जयकारों की गूंज सुनाई देगी।

नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालु मां देवी शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। मंदिरों में कलश स्थापना और अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर मां के प्रथम स्वरूप की आराधना की जाएगी।

नवरात्र शुरू होने से पहले ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बुधवार को श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। व्रत रखने वाले लोगों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं, वहीं मंदिरों में विशेष सजावट और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

बाजारों में श्रद्धालु माता की चुनरी, पूजा की थाली, रौली-मौली, कपूर, चौकी और पीतल के दीये की खरीदारी करते नजर आए। पूजन सामग्री विक्रेता राजकुमार ने बताया कि उनके यहां श्रृंगार सामग्री का पैकेट करीब 200 रुपये में उपलब्ध है। माता की चुनरी 50 रुपये से लेकर 800 रुपये तक की है, जबकि डिजाइनर पूजा थाली 250 से 350 रुपये तक में मिल रही है।

खरीदारी कर रही श्रद्धालु रजनी और संध्या ने बताया कि उनके घर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित है, जिसके लिए उन्होंने श्रृंगार सामग्री और चुनरी खरीदी है।

वहीं, सेक्टर-16 स्थित फरीदाबाद कालीबाड़ी में भी नवरात्र को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां पहले नवरात्र पर घट स्थापना की जाएगी और माता राजेश्वरी का दरबार फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा।

कालीबाड़ी के प्रधान डॉ. प्राणजित भौमिक ने बताया कि नवरात्र के दौरान महिला मंडली की सदस्य मैत्री बोस, शामली घोष, तुली बेरा, पौलमी नियोगी, अनिता सरकार, वैशाखी मुखर्जी, बरनाली बिस्वास, तनुश्री देव सरकार और मौशमी घोष प्रतिदिन भजन प्रस्तुत करेंगी।

शहर भर में नवरात्र को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से मां की आराधना के लिए तैयार हैं।