March 18, 2026

फरीदाबाद में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, नौ एफआईआर दर्ज

Faridabad/Alive News: जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला खाद्य एवं आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, फरीदाबाद की गठित टीमों ने घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान 16 मार्च 2026 को आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कुल 8 एफआईआर दर्ज की गईं। इनमें ओल्ड फरीदाबाद थाना में 2, भूपानी में 1, सेक्टर-31 में 1, पल्ला में 1 तथा बीपीटीपी थाना क्षेत्र में 1 एफआईआर दर्ज की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 18 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।

इसके अलावा ग्रीन फील्ड कॉलोनी, सेक्टर-42 में एक दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 2 सिलेंडर जब्त किए गए।

वहीं, 17 मार्च 2026 को नंगला एन्क्लेव पार्ट-1 में कालाबाजारी के एक अन्य मामले में थाना सारन में एफआईआर दर्ज की गई। इस कार्रवाई में 7 घरेलू और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर सहित कुल 8 सिलेंडर बरामद किए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार के अवैध कार्यों के खिलाफ आगे भी लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा। साथ ही, एलपीजी से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-180-2087 पर संपर्क कर सकते हैं।