Chandigarh/Alive News: पृथला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने हरियाणा विधानसभा के चालू बजट सत्र में अपने क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा के अभाव का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष पृथला ब्लॉक के गदपुरी गांव में आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) स्थापित करने की मांग रखी।
विधायक तेवतिया ने सदन में कहा कि हरियाणा सरकार की नीति के अनुसार प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में आईटीआई खोली जानी है, लेकिन पृथला ब्लॉक के 36 गांवों में अभी तक एक भी आईटीआई नहीं है। उन्होंने बताया कि गदपुरी गांव नेशनल हाईवे-19 पर स्थित है और ग्राम पंचायत ने आईटीआई निर्माण के लिए 5 एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव भी पारित कर दिया है।
इस पर हरियाणा सरकार की ओर से राज्यमंत्री गौरव गौतम ने जवाब देते हुए कहा कि यदि ग्राम पंचायत 33 वर्षों के लिए एक रुपये की लीज पर 5 एकड़ जमीन उपलब्ध कराती है, तो सरकार वहां आईटीआई स्थापित करने के लिए तैयार है।
वहीं, विधायक रघुबीर तेवतिया ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भले ही वह विपक्ष के विधायक हैं, लेकिन क्षेत्र की जनता ने उन्हें जनहित के मुद्दे उठाने के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि वह सड़क से लेकर विधानसभा तक जनता की आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने सरकार से मांग की कि गदपुरी में जल्द से जल्द आईटीआई निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को अपने ही इलाके में बेहतर तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर मिल सकें।

