Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में आज जिला जल एवं सीवरेज मिशन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीण पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता और जल जीवन मिशन योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
डीसी ने निर्देश दिए कि सभी गांवों में नियमित जल सैंपलिंग, बैक्टीरियल टेस्टिंग, क्लोरीनेशन और हैवी मेटल जांच सुनिश्चित की जाए। बाहरी स्रोत से पानी लेने वाले गांवों में विशेष रूप से डिसइन्फेक्शन पर ध्यान देने को कहा गया।
आंगनवाड़ी केंद्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सर्वे कराने और आवश्यकतानुसार कार्य करवाने के निर्देश भी दिए गए। पंचायतों के बैंक खातों, वेतन और बिजली भुगतान सहित जल योजनाओं के रखरखाव की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 65 गांवों में पेयजल योजनाएं पंचायतों को सौंपी जा चुकी हैं। डीसी ने इन योजनाओं की जांच कर सभी घरों तक सही कनेक्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

