March 16, 2026

गोच्छी ड्रेन के दोनों ओर होगी बैरिकेटिंग: मेयर

Faridabad/Alive News: नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने सोमवार को एनआईटी, बड़खल और एनआईटी जोन के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों की व्यवस्था का जायजा लिया तथा अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सरकारी जमीन पर बिना अनुमति बिल्डिंग मैटेरियल रखने वाले लोगों पर कार्रवाई करते हुए निगम टीम ने तीन कारोबारियों का सामान जब्त कराया और अवैध रूप से चल रहे वॉशिंग स्टेशन भी बंद करवाए।

मेयर ने बीके चौक से चिमनी बाई धर्मशाला होते हुए गोच्छी ड्रेन और सेक्टर-55 तक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गोच्छी ड्रेन के दोनों ओर बैरिकेटिंग कराने तथा ड्रेन में केमिकल युक्त पानी छोड़ने वाली कंपनियों की पहचान कर उनके खिलाफ चालान करने के निर्देश दिए साथ ही ऐसे स्थानों पर निगरानी के लिए कैमरे लगाने को भी कहा।

उन्होंने शहर के सभी चौक-चौराहों पर बेहतर लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़कों के गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इस मौके पर निगम के कई अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।