March 16, 2026

पानी व सीवर कनेक्शन नियमितीकरण के लिए निगम लगाएगा विशेष कैंप

फोटो : नगर निगम कार्यालय

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद शहर में पानी व सीवर कनेक्शनों के नियमितीकरण के लिए मार्च माह में विभिन्न स्थानों पर विशेष कैंप आयोजित करेगा। यह जानकारी अतिरिक्त आयुक्त (प्रथम) सलोनी शर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा के निर्देशानुसार अलग-अलग जोन में कैंप लगाए जाएंगे, ताकि नागरिक अपने कनेक्शन आसानी से नियमित करवा सकें।उन्होंने कहा कि कैंपों में नागरिकों को अपने कनेक्शन से जुड़े दस्तावेज जमा करने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी, जिससे लोगों को निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार एनआईटी जोन-1 व 2 में 19-20 मार्च को एसजीएम नगर स्थित ब्लूवर्ल्ड स्कूल तथा 24-25 मार्च को सैनिक कॉलोनी शिव मंदिर में कैंप लगाए जाएंगे। एनआईटी जोन-3 में 17 मार्च को सेक्टर-22 बूस्टिंग स्टेशन, 20-22 मार्च को अपना घर, 27-29 मार्च को सेक्टर-52 शिव मंदिर और 30-31 मार्च को एमसीएफ कार्यालय सारन में कैंप आयोजित होंगे।

इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद जोन-1 में 19-20 मार्च को अजरोंदा कम्युनिटी सेंटर और 24-25 मार्च को सेक्टर-7 वार्ड कार्यालय में कैंप लगाए जाएंगे, जबकि बल्लभगढ़ जोन में 19-20 मार्च को जीवन नगर गौंछी बूस्टिंग स्टेशन और 24-25 मार्च को आदर्श नगर छाजूराम रोड पर कैंप आयोजित किए जाएंगे।

अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि जिनके पानी या सीवर कनेक्शन नियमित नहीं हैं, वे इन कैंपों में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि कैंपों के दौरान संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे।