Faridabad/Alive News: जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक कार्यालय फरीदाबाद द्वारा विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक कविता सिंह परिहार, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत फरीदाबाद के कार्यकारिणी सदस्य ऋषि शर्मा, जितेंद्र कश्यप तथा अजित सिंह (सहायक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले अधिकारी, ओल्ड फरीदाबाद) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कविता सिंह परिहार ने उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि प्रत्येक उपभोक्ता को सुरक्षा का अधिकार, चुनने का अधिकार, सूचना का अधिकार, सुनवाई का अधिकार और उपभोक्ता शिक्षा का अधिकार प्राप्त है। उन्होंने कहा कि किसी भी वस्तु को खरीदते समय उसकी कीमत, गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि की जांच अवश्य करें तथा खरीदारी के बाद कैश मेमो जरूर लें। यदि वस्तु या सेवा में किसी प्रकार की कमी हो तो उपभोक्ता जिला उपभोक्ता फोरम या संबंधित विभाग में तुरंत शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी उपभोक्ता हैं और हमारा कर्तव्य है कि स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें। एक जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित उपभोक्ता होता है। उपभोक्ताओं को शिक्षित और सजग बनाने में एनजीओ और शिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत फरीदाबाद के कार्यकारिणी सदस्य ऋषि शर्मा ने कहा कि विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस बाजार में होने वाले दुरुपयोग और सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम में वीरेंद्र सिंह निरीक्षक, हिमालय निरीक्षक, गिरीश चंद्र निरीक्षक, संदीप निरीक्षक, अंकित कुमार उप-निरीक्षक, अखिल जैन उप-निरीक्षक और इमरान उप-निरीक्षक सहित डिपो धारक और बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।

