Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की पहल पर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने की।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। शिविर में स्वास्थ्य सेवाएं, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, भूमि पंजीकरण, बिजली, सिंचाई और अन्य शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया गया।
इस दौरान डीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित कर रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसीपी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

