Faridabad/Alive News: बार काउंसिल चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद के मार्गदर्शन में पोलिंग स्टाफ को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को बैलेट पेपर के उपयोग, मतदान केंद्र की व्यवस्था, मतदाता पहचान, सीलिंग प्रक्रिया तथा मतदान के बाद की कार्यवाही के बारे में जानकारी दी गई।
एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद ने बताया कि हरियाणा में बार काउंसिल चुनाव 18 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। चुनाव के लिए कुल 8 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जिनमें से 7 बूथ मुख्य परिसर के दो हॉल में और 1 बूथ टैक्सेशन कार्यालय परिसर में स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि बैलेट पेपर अत्यंत संवेदनशील दस्तावेज होते हैं, इसलिए उन्हें गिनती के साथ जारी किया जाए और उपयोग व शेष बैलेट पेपर का पूरा रिकॉर्ड निर्धारित फॉर्म में दर्ज किया जाए। किसी मतदाता से बैलेट पेपर खराब होने की स्थिति में पूरी संतुष्टि के बाद ही दूसरा बैलेट पेपर जारी किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि बार काउंसिल चुनाव में कोई पोलिंग एजेंट नियुक्त नहीं होता। मतदान शुरू करने से पहले बैलेट बॉक्स को प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों को खाली दिखाकर नियमानुसार सील किया जाएगा और इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता की पहचान केवल मूल दस्तावेजों जैसे बार काउंसिल कार्ड, रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, पासपोर्ट, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर ही की जाएगी। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के रिकॉर्डिंग उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

