March 15, 2026

ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के लिए मेडिटेशन और स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यशाला आयोजित

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और ड्यूटी के दौरान होने वाले तनाव को कम करने के लिए एक विशेष मेडिटेशन और स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया।

यह कार्यशाला डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह के निर्देश पर सेक्टर-20B, मथुरा रोड स्थित विजन इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड स्टडीज में आयोजित की गई। कार्यक्रम का विषय था “ध्यान: तनाव-मुक्त मन और प्रभावी ड्यूटी”। इस कार्यशाला का आयोजन साइंस ऑफ स्प्रिचुअलिटी संस्था के सहयोग से किया गया।

कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षकों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को मेडिटेशन की आसान तकनीकों के बारे में बताया और समझाया कि ध्यान के माध्यम से तनाव को कैसे कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि नियमित मेडिटेशन करने से मन शांत रहता है, एकाग्रता बढ़ती है और निर्णय लेने की क्षमता भी बेहतर होती है। इस दौरान पुलिस कर्मियों को ध्यान का अभ्यास भी कराया गया।

ट्रैफिक थाना के प्रबंधक निरीक्षक अनोज कुमार ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी काफी व्यस्त और चुनौतीपूर्ण होती है। रोजाना भारी ट्रैफिक, लोगों से बातचीत और अलग-अलग परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मानसिक संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं पुलिस कर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा देती हैं और उन्हें अपनी ड्यूटी बेहतर तरीके से निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।

इस कार्यक्रम में ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनोज कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, सब-इंस्पेक्टर वीरेंद्र, जोनल अधिकारी, चौक इंचार्ज, होमगार्ड और अन्य ट्रैफिक स्टाफ मौजूद रहे। वहीं साइंस ऑफ स्प्रिचुअलिटी की ओर से प्रोफेसर आर.के. अरोड़ा और उनकी टीम ने सत्र का संचालन किया।