March 15, 2026

होटल बुकिंग के नाम पर 48 हजार रुपये की ठगी, के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना NIT की टीम ने होटल बुकिंग के नाम पर 48,010 रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिक्रम सिंह के रूप में हुई है, जो गांव बुराना, जिला डीग का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के सोहना स्थित GLS सोसायटी, सेक्टर-04 में रह रहा था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-21D फरीदाबाद की एक महिला ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि वह होटल बुकिंग के लिए गूगल पर सर्च कर रही थी। इसी दौरान उसे Sterling Hotel Mussoorie के नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने होटल बुकिंग के लिए ऑनलाइन भुगतान करने को कहा और एक UPI कोड भेज दिया।

महिला ने पहले 9,480 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपी ने कहा कि भुगतान गलत हो गया है और 9,530 रुपये भेजने होंगे, साथ ही पहले वाला पैसा वापस कर दिया जाएगा। महिला ने 9,530 रुपये भी भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने फिर बहाना बनाकर उससे 29,000 रुपये और ट्रांसफर करवा लिए। लेकिन इसके बावजूद होटल बुकिंग की कोई पुष्टि नहीं मिली।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी बिक्रम सिंह पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी साहिल और मनीष का दोस्त है। ठगी के पैसे जिन खातों में आते थे, उनमें से बिक्रम अपना कमीशन रखकर बाकी पैसे निकालकर मनीष को दे देता था।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।