Faridabad/Alive News: सामाजिक सेवा में अग्रणी ह्यूमन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल संस्था की ओर से हेड ऑफिस में बत्रा हार्ट एंड मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 120 लोगों के स्वास्थ्य की मुफ्त जांच की गई, जिससे जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी (जीआरपी) राजेश चेची ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सामाजिक पहलें समाज को मजबूत बनाने का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने शिविर का शुभारंभ कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर का लाभ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और जरूरतमंद परिवारों ने उठाया।
इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, महासचिव राधिका बहल, कोषाध्यक्ष गुलशन कुमार, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मनोज राजपूत, सचिव जया जायसवाल, सहसचिव शालिका सहित अन्य सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी की सक्रिय भागीदारी से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ह्यूमन लीगल ऐड एंड क्राइम कंट्रोल संस्था अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक कल्याण के कार्यों में भी लगातार सक्रिय है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

