March 14, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 4 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने खाताधारक को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में टेलीग्राम टास्क के नाम पर हुई 4,02,550 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान साहिल निवासी शारदा नगर, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 11 नवंबर 2025 को उसके टेलीग्राम पर ऑनलाइन ट्रेडिंग से जुड़ा एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक टेलीग्राम ग्रुप में जुड़ गया।

ग्रुप में उसे अलग-अलग टास्क दिए गए और ज्यादा मुनाफे का लालच दिया गया। इसी लालच में आकर उसने कई बार पैसे निवेश किए और कुल 4,02,550 रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन इसके बाद उसे न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसके पैसे वापस किए गए।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी साहिल ने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दे रखा था। इस मामले से जुड़े 68 हजार रुपये उसके खाते में आए थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी 5वीं पास है और मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है। उसे गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।