March 14, 2026

सेक्टर-12 टाउन पार्क में दो दिवसीय पुष्प मेले की रंगारंग शुरुआत, विदेशी फूलों ने खींचा लोगों का ध्यान

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 टाउन पार्क में शनिवार से दो दिवसीय पुष्प मेले की भव्य शुरुआत हो गई। मेले का उद्घाटन हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने किया। इस अवसर पर फरीदाबाद की मेयर परवीन जोशी और नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस पुष्प मेले में शहर की 20 से अधिक संस्थाओं और बागवानी संगठनों ने हिस्सा लिया है। विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर फूलों की कई आकर्षक और विदेशी प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इन खूबसूरत फूलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग टाउन पार्क पहुंच रहे हैं।

मेले में कुल 35 प्रकार के फूल प्रदर्शित किए गए हैं। अलग-अलग रंगों और किस्मों के ये फूल लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं। खासकर बच्चों और युवाओं में इन फूलों को देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने का खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

आयोजकों की ओर से मेले में कई आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए हैं, जहां लोग फूलों की सजावट के बीच फोटो और सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद कर रहे हैं।

मेले के दौरान शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे कार्यक्रम का आकर्षण और बढ़ जाएगा। दो दिनों तक चलने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। छुट्टी का दिन होने के कारण सुबह से ही परिवारों, बच्चों और युवाओं की भीड़ टाउन पार्क में देखने को मिली, जहां लोग फूलों की खूबसूरती का आनंद लेते नजर आए।