March 14, 2026

फरीदाबाद में कमर्शियल गैस की कमी से कारोबार पर संकट गहराया, होटल-ढाबों के चूल्हे पड़ने लगे ठण्डे

Faridabad/Alive News: हजारों किलोमीटर दूर चल रहे अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब भारत के उद्योग और छोटे-बड़े व्यापार पर भी दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर कारोबारियों के कारोबार पर पड़ने लगा है। हरियाणा के फरीदाबाद में होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले दुकानदारों के सामने कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

शहर के कई बाजारों में दुकानदारों के पास केवल एक-दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। अगर जल्द सप्लाई नहीं मिली तो कई दुकानों के चूल्हे ठंडे पड़ सकते हैं और कारोबार बंद होने की नौबत आ सकती है। खाने-पीने की ज्यादातर दुकानों पर आखिरी सिलेंडर के सहारे काम चला रहे हैं, जबकि कुछ दुकानों पर ताले लगने की स्थिति बन गई है और कुछ बंद हो चुकी हैं।

दुकानदारों की माने तो जो लोग बिरयानी, छोले-भटूरे, चाय-नाश्ते और ढाबे का कारोबार चला रहा है, वह सभी कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर निर्भर है। दुकानदारों का कहना है कि अगर गैस नहीं मिलेगी तो किराया देना और कारोबार चलाना संभव नहीं होगा।

एनआईटी -5 में ढाबा संचालक दुकानदार पंकज ने बताया कि उन्होंने गैस एजेंसियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कई जगह फोन तक नहीं उठाए जा रहे हैं। उनके पास अब सिर्फ एक-दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है। उसके बाद काम बंद करना पड़ेगा। उन्होंने बताया है कि दुकान का किराया, कर्मचारियों की सैलरी और रोज का खर्च इसी कारोबार से चलता है। अगर, गैस नहीं मिलेगी तो दुकान बंद करनी पड़ेगी और कर्मचारियों के रोजगार जाने से उनके परिवार पर भी असर पड़ेगा।

एनआईटी -5 के दुकानदार रिंकू का कहना है कि बड़े स्तर पर खाना इंडक्शन पर बनाना संभव नहीं है और मिट्टी के चूल्हे पर काम करना भी आसान नहीं है। ऐसे में अगर जल्द गैस की सप्लाई शुरू नहीं हुई तो कई दुकानों के शटर गिर सकते हैं।

दुकान संचालक इंद्र नारायण शुक्ला ने बताया कि उनके पास भी केवल एक-दो दिन का गैस स्टॉक बचा है। इसके बाद अगर कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिले तो दुकान बंद करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि दुकान का किराया बहुत महंगा है और कर्मचारियों की रोजी-रोटी का भी सवाल है।

फिलहाल, फरीदाबाद के कारोबारी और दुकानदारों ने सरकार और गैस कंपनियों से जल्द समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि अगर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई जल्दी शुरू नहीं हुई तो शहर के कई छोटे-बड़े कारोबार बंद हो जायेगे। इस वजह से हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर संकट गहरा रहा है।