Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने 2024 में दोस्त पर चाकू से हमला कर हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने महावीर कॉलोनी निवासी अरुण को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को 7 मार्च को अवैध देसी कट्टा के साथ पकड़ा गया था और तब से वह जेल में था। अब उसे पुराने हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शाहपुर कलां निवासी शेखर ने शिकायत दी थी कि 20 सितंबर 2024 को रात करीब 10 बजे वह काम से घर लौट रहा था। रास्ते में अंबेडकर चौक के पास उसका दोस्त अरुण अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर मिला। अरुण ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।
कुछ दूर जाने के बाद अरुण ने पुराने विवाद को लेकर उससे झगड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद वे उसे सेक्टर-62 के एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां अरुण के एक साथी ने उसे पीछे से पकड़ लिया और दूसरे ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसी दौरान अरुण ने जेब से बटनदार चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया और घायल हालत में छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि अरुण और शेखर की दोस्ती साल 2022 से थी और दोनों के बीच कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था और उत्तर प्रदेश व राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में मजदूरी करता रहा।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी हर्ष को सितंबर 2024 में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल अरुण को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

