Faridabad/Alive News: महिला का मंगलसूत्र छीनने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया हुआ मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 फरवरी को पंजाब के जीरकपुर निवासी एक महिला ने पुलिस चौकी टाउन-2 में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ किसी काम से फरीदाबाद आई हुई थी। उसी दिन रात करीब 9 बजे वह अपने पति के साथ 1-2 चौक, एनआईटी के पास खड़ी थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आया और उसके गले से मंगलसूत्र तोड़कर फरार हो गया।
महिला की शिकायत पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने जांच करते हुए आरोपी जय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जय कुमार मिर्जापुर का रहने वाला है और फिलहाल मादलपुर की माता कॉलोनी, फरीदाबाद में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल पर आकर महिला के गले से मंगलसूत्र छीनकर झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी फरीदाबाद में चोरी के 6 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

