March 13, 2026

डबुआ मंडी में प्रतिबंधित पॉलिथीन बेचने पर कार्रवाई, हजारों रूपये का चालान

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद और पॉल्यूशन विभाग की संयुक्त टीम ने डबुआ मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दुकानदार पर 11,500 रुपये का चालान किया और करीब एक कट्टा पॉलिथीन जब्त की।

जानकारी के अनुसार डबुआ मंडी के अंदर स्थित दुकान नंबर 178 पर प्रतिबंधित पॉलिथीन बेचे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर नगर निगम और पॉल्यूशन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दुकान के बाहर रेहड़ी पर इंद्रजीत नाम का व्यक्ति पॉलिथीन बेचता हुआ पाया गया।

टीम ने मौके पर जांच की तो उसके पास से प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद हुई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदार का 11,500 रुपये का चालान किया गया और पॉलिथीन को जब्त कर लिया गया।

यह कार्रवाई पॉल्यूशन विभाग फरीदाबाद के जेई साजिद खान तथा नगर निगम के सहायक सफाई इंस्पेक्टर अजीत रावत, राहुल धारीवाल और गजराज चौहान के नेतृत्व में की गई।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी नागरिक सहयोग करें और प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।