March 13, 2026

फरीदाबाद में भव्य फ्लावर फेस्टिवल का होगा आयोजन

Faridabad/Alive News: शहर के टाउन पार्क में आयोजित होने जा रहे भव्य फ्लावर फेस्टिवल का उद्घाटन शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शहरवासी और प्रकृति प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि फ्लावर फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। इसके अलावा टाउन पार्क में आने वाले लोगों के लिए पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष प्रबंध किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस फ्लावर फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रकृति के प्रति जागरूक हों और पौधारोपण व हरियाली को बढ़ावा दें।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि यह फ्लावर फेस्टिवल हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में विभिन्न प्रकार के सुंदर फूलों की प्रदर्शनी, आकर्षक सजावट और कई रोचक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे शहरवासियों को एक सुखद और यादगार अनुभव मिलेगा।

मेले के शुभारंभ से पहले नगर निगम आयुक्त ने टाउन पार्क में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।