March 13, 2026

फरीदाबाद में 14-15 मार्च को होगा फ्लावर फेस्टिवल, टाउन पार्क सेक्टर-12 में दो दिन तक खिलेगी फूलों की बहार

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद की ओर से शहरवासियों के लिए 14 और 15 मार्च 2026 को दो दिवसीय फरीदाबाद फ्लावर फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में आयोजित होगा और सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।

नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस फेस्टिवल का उद्घाटन 14 मार्च को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विकास और शहर को सुंदर बनाने के विजन के तहत किया जा रहा है।

फेस्टिवल में शहरवासियों और पर्यटकों के लिए फूलों की भव्य सजावट, आकर्षक प्रदर्शनी और वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। इसमें ग्लैडियोलस (तलवारिया), पिटूनिया, गेंदा, गुलबहार, गुलदाउदी और ऑर्किड जैसी कई प्रजातियों के फूल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा फ्लोरल एग्जीबिट प्रतियोगिताएं, विभिन्न स्टॉल और स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को हरियाली और बागवानी के प्रति जागरूक करना और फरीदाबाद की सुंदरता को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में नगर निगम शहर में फूड फेस्टिवल, मेहंदी प्रतियोगिता और थिएटर फेस्टिवल जैसे कई कार्यक्रम भी आयोजित करेगा, जिसके लिए पूरे साल का कैलेंडर तैयार किया जाएगा।

फेस्टिवल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ इस फ्लावर फेस्टिवल में पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद लें और इसे सफल बनाएं।

कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए लोग 98117-15068 और 84473-18015 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं या faridabadflowershow@gmail.com पर ई-मेल कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।