Faridabad/Alive News: एनआईटी-3 स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में डिस्ट्रिक्ट रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद और जय सेवा फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर माननीय राज्यपाल प्रो. अशीम कुमार घोष के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना था।
कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में छात्रों, शिक्षकों और महाविद्यालय कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 39 यूनिट रक्तदान किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट रेड क्रॉस सोसाइटी के सेक्रेटरी बृजेंद्र सोरोत उपस्थित रहे, जबकि असिस्टेंट सेक्रेटरी पुरुषोत्तम सैनी और पैट्रन विमल खंडेलवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि बृजेंद्र सोरोत ने छात्रों को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और मानव सेवा के लिए नियमित रक्तदान करने की प्रेरणा दी।
विशिष्ट अतिथियों पुरुषोत्तम सैनी और विमल खंडेलवाल ने कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती, बल्कि मानव शरीर 24 घंटे के भीतर ही नए रक्त का निर्माण कर लेता है, जिससे शरीर में स्फूर्ति और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
शिविर के आयोजन में महाविद्यालय की एनएसएस, एनसीसी और वाईआरसी इकाइयों का विशेष सहयोग रहा। एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर एवं एनसीसी बॉयज़ यूनिट सीटीओ डॉ. जितेंद्र ढुल और एनएसएस गर्ल्स यूनिट प्रोग्राम ऑफिसर कविता शर्मा के मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
वाईआरसी बॉयज़ यूनिट काउंसलर डॉ. अमित शर्मा तथा गर्ल्स यूनिट काउंसलर ओमिता जौहर का भी आयोजन को सफल बनाने में विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया और मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।

