March 12, 2026

एलपीजी की जमाखोरी व कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीसी

Faridabad/Alive News: जिले में पेट्रोल, डीज़ल, सीएनजी और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशों के तहत पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

डीसी ने बताया कि निगरानी के लिए सिटी मजिस्ट्रेट (सीटीएम) फरीदाबाद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने और किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या अनियमितता को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीसी ने यह भी बताया कि अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को एलपीजी व अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

पेट्रोलियम उत्पादों से संबंधित शिकायतों के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग हरियाणा ने टोल-फ्री नंबर 1800-180-2087 जारी किया है, जिस पर उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।