Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में चेन झपटमारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-28 निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 20 फरवरी को वह ओल्ड मार्केट से अपने घर लौट रही थी। जब वह घर के पास पहुंची तो मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने 10 मार्च को आरोपी अमित (38), निवासी सेहतपुर पल्ला को गाजियाबाद से और धीरज (24), निवासी खिचड़ीपुर दिल्ली को नोएडा से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और 20 फरवरी को उन्होंने मोटरसाइकिल पर सवार होकर सेक्टर-28 में झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, अमित पर पहले से झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 28 मामले दर्ज हैं, जबकि धीरज पर 8 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि उनसे आगे पूछताछ की जा सके।

