Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन में ईवाइ रिपल्स – ग्रीन स्किल्स पासपोर्ट प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ग्रीन प्रैक्टिसेज, उद्यमिता और रोजगार से जुड़े आवश्यक कौशलों की जानकारी दी गई, ताकि वे अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण अपना सकें। सत्र महाविद्यालय के कंप्यूटर लैब और आईक्यूएसी में नियमित कॉलेज समय के दौरान आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन श्री अमन माथुर और उनकी टीम ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सतत विकास से जुड़ी प्रथाओं, ग्रीन सेक्टर में करियर के अवसरों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उनके इंटरएक्टिव सत्रों से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका समझने का अवसर मिला।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार और सतत भविष्य के लिए तैयार करने के साथ उनके व्यावसायिक कौशल को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर पर्यटन विभागाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों के कौशल विकास और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

