March 10, 2026

जल संचय जन भागीदारी अभियान के तहत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

Faridabad/Alive News: भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग द्वारा जल संचय जनभागीदारी 2.0 कार्यक्रम के तहत फरीदाबाद जिले में भूजल प्रबंधन के अंतर्गत जिला स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा हेतु आज उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें नेशनल वाटर मिशन, केंद्रीय भूजल बोर्ड तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में नेशनल वाटर मिशन से नवीन शर्मा (सीएमएलओ) तथा वैज्ञानिक डॉ. मयंक दीक्षित सहित तकनीकी विशेषज्ञों ने अभियान की प्रगति एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

डीसी ने बताया कि बैठक में बताया गया कि जल संचय अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुति के दौरान बताया गया कि जिले में भूजल स्तर सुधारने के लिए छोटे-छोटे रिचार्ज स्ट्रक्चर, तालाबों का जीर्णोद्धार, वर्षा जल संचयन तथा इंजेक्शन वेल जैसी संरचनाओं का निर्माण किया जाना आवश्यक है। इसके लिए गांव स्तर तक फिजिबिलिटी मैप एवं रिचार्ज प्लान तैयार किए गए हैं, जिन्हें संबंधित विभागों को उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वैज्ञानिक आधार पर कार्यों का चयन किया जा सके।

डीसी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित जल संरक्षण कार्यों का अद्यतन विवरण पोर्टल पर अपलोड करें तथा आगामी अभियान के लिए विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध रूप से पूरा करें। साथ ही वर्षा जल संचयन, उपचारित जल के पुनः उपयोग, फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती तथा तालाबों के पुनर्जीवन जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न रहकर जनभागीदारी के माध्यम से किया जाए, ताकि जिले में भूजल स्तर को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सके। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें।

समीक्षा बैठक में सीईओ जिला परिषद शिखा, डीडीपीओ प्रामिन्दर, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।