March 10, 2026

गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में CM सैनी को लेकर भी लिखी चेतावनी

Gurugram/Alive News: गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। स्कूलों को भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि स्कूलों की इमारतों में बम लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुबह स्कूल खुलने के समय करीब एक दर्जन स्कूलों को एक साथ धमकी भरा ई-मेल मिला। इसके बाद एहतियात के तौर पर स्कूल प्रशासन ने बच्चों और स्टाफ को बाहर निकालकर घर भेज दिया। पुलिस टीम स्कूलों और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

बताया जा रहा है कि ई-मेल में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि हरियाणा विधानसभा में खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन करो, नहीं तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। मेल में धमकी देने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया है।

मेल में यह भी दावा किया गया है कि स्कूलों में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट और ट्रेनों में 3 बजकर 11 मिनट पर धमाका किया जाएगा। हालांकि फिलहाल पुलिस को किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और जांच जारी है।

स्कूलों ने पेरेंट्स को भेजा मैसेज
धमकी भरा मेल मिलने के बाद कई स्कूलों ने अभिभावकों को मैसेज भेजकर जानकारी दी कि आपात स्थिति के कारण आज स्कूल बंद किया जा रहा है। स्कूल बस और प्राइवेट वैन से आए बच्चों को तुरंत घर भेजा जा रहा है। अभिभावकों से कहा गया है कि वे बस ट्रैकर के जरिए बच्चों की लोकेशन देखते रहें।

साथ ही जिन बच्चों को निजी वाहनों से स्कूल लाया गया था, उनके अभिभावकों से गेट पर आकर बच्चों को लेने की अपील की गई है। वैन से आने वाले छात्रों के लिए भी पेरेंट्स को ड्राइवर से संपर्क में रहने को कहा गया है।

DAV स्कूल में चल रहा सर्च ऑपरेशन
गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित DAV स्कूल में पुलिस और बम डिस्पोजल यूनिट ने सर्च ऑपरेशन चलाया। पूरे स्कूल परिसर को खाली कराकर डॉग स्क्वॉड की मदद से क्लासरूम और अन्य जगहों की जांच की जा रही है।
प्रशासन ने अभिभावकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं साइबर सेल की टीम ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी हुई है।