March 10, 2026

गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद मचा हड़कंप

Faridabad/Alive News: गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। स्कूलों को ई-मेल भेजकर दावा किया गया कि उनकी बिल्डिंग में बम लगाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सुबह स्कूल खुलने के समय करीब एक दर्जन स्कूलों को एक साथ धमकी भरा ई-मेल मिला। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल प्रशासन ने तुरंत बच्चों और स्टाफ को बाहर निकालकर घर भेज दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। प्रशासन ने अभिभावकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। वहीं साइबर सेल की टीम ई-मेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी हुई है।

इसी बीच गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित डीएवी स्कूल में भी पुलिस और बम डिस्पोजल यूनिट ने सर्च ऑपरेशन चलाया। पूरे स्कूल परिसर को खाली कराकर डॉग स्क्वॉड की मदद से क्लासरूम और अन्य जगहों की जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में गुरुग्राम और आसपास के स्कूलों को इस तरह की धमकियां पहले भी मिल चुकी हैं। फिलहाल जांच जारी है।