Faridabad/Alive News: झपटमारी के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, राजीव कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी सुधीर ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 4 मार्च की सुबह वह फोन पर बात करते हुए मार्केट जा रहे थे। तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने दिनेश (25) निवासी राजीव कॉलोनी सेक्टर-58 फरीदाबाद को नेहरू कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि दिनेश ने अपने एक साथी के साथ मिलकर 4 मार्च को इस झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी 4 मामले दर्ज हैं। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

