March 7, 2026

“लिटरेचर सरल और ग्रामर रही ‘बेस्ट’, बच्चों ने पास किया इंग्लिश का अग्नि-टेस्ट!”

Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की कक्षा 10वीं की परीक्षाओं के सिलसिले में आज अंग्रेजी विषय का पेपर आयोजित किया गया। फरीदाबाद के एनआईटी- 5 के राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय के बाहर का नज़ारा सुबह के तनावपूर्ण माहौल से बिल्कुल जुदा था। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले हुए थे और उनमें एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। बच्चों से बातचीत करने पर पता चला कि आज का पेपर उनकी उम्मीदों से कहीं ज्यादा आसान और सीधा था।

परीक्षा केंद्र से सबसे पहले बाहर आने वाले छात्रों में से एक, सत्यम ने बताया कि पेपर इतना सरल था कि उन्होंने निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही इसे हल कर लिया था। वहीं खुशी और शिवानी जैसी छात्राओं का कहना था कि पेपर बिल्कुल भी लेंदी (लंबा) नहीं था। आमतौर पर छात्रों को ग्रामर या लिटरेचर के कठिन सवालों का डर सताता है, लेकिन आज परीक्षार्थियों ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों द्वारा कराई गई तैयारी पूरी तरह सफल रही। बच्चों के अनुसार, जो कुछ भी सिलेबस में पढ़ाया गया था, परीक्षा में वही पूछा गया।

​दिलचस्प बात यह रही कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले जो छात्र भगवान से प्रार्थना कर रहे थे और थोड़े डरे हुए थे, वे अब आत्मविश्वास से लबरेज नजर आए। नीरज ने उत्साह के साथ बताया कि उन्हें 100 में से 100 अंक आने की पूरी उम्मीद है। परीक्षा खत्म होने के बाद स्कूल के बाहर छात्र समूहों में खड़े होकर अपने उत्तरों का मिलान करते दिखे। सुबह की घबराहट अब जीत की खुशी में बदल चुकी थी, जिससे यह साफ है कि अंग्रेजी का यह पेपर छात्रों के लिए इस सत्र का सबसे बेहतरीन अनुभव रहा।