Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मार्ग स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम, श्रीसिद्धदाता आश्रम में बुधवार को तीन दिवसीय होली महोत्सव दिव्यता और आध्यात्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीरामानुज संप्रदाय की तीर्थ पीठ इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा के पीठाधीश्वर श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में रंगोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में विराजमान विग्रहों के विधिवत पूजन और चंदन-फूलों की अर्पणा से हुई। इसके बाद भगवान श्रीलक्ष्मीनारायण की विशेष पूजा-अर्चना के साथ पुष्पों की होली खेली गई। श्रद्धालुओं ने अपने गुरुदेव पर पुष्पवर्षा कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भजन, ब्रज के रसिया और वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। इसके बाद स्वामी सुदर्शनाचार्य वेद-वेदांग संस्कृत महाविद्यालय परिसर में रंगों की होली खेली गई, जहां गुरुदेव ने श्रद्धालुओं पर अबीर-गुलाल बरसाकर आशीर्वाद दिया।
आश्रम परिसर गुलाल, भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं के उत्साह से आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। आयोजन के दौरान व्यवस्था, सुरक्षा और प्रसाद वितरण के विशेष प्रबंध किए गए। तीन दिवसीय इस आयोजन ने प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक एकता का संदेश दिया।

