Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में वीरवार को जिला प्रशासन की ओर से समाधान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता एसडीएम अमित कुमार ने की।
एसडीएम अमित कुमार ने बताया कि शिविर में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने को लेकर आईं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, नक्शा पास, बिजली, सिंचाई और सार्वजनिक स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित कर लोगों की शिकायतें सुन रहा है। इस दौरान सीटीएम अंकित कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

