March 7, 2026

डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया होली का पर्व

Faridabad/Alive News: डी ए वी शताब्दी कॉलेज में होली का पर्व इस वर्ष हर्षोल्लास, सादगी और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने पारंपरिक गुलाल के साथ फूलों की होली खेलकर प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक होली गीतों के साथ हुई। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया और एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर वातावरण को आनंदमय बना दिया। पूरे परिसर में उमंग, उल्लास और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द, एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन संस्थान में आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं साथ ही फूलों की होली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ उत्सव मनाने का प्रेरणादायक संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र ढुल और डॉ. अर्चना सिंघल ने भी स्टाफ सदस्यों के साथ ढोल की थाप पर उत्साहपूर्वक नृत्य किया। सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर एक-दूसरे के साथ खुशी के पल साझा किए। पारंपरिक व्यंजनों, जैसे लड्डू और पकोड़ों, का स्वाद लेकर उत्सव को और अधिक मधुर बनाया गया।

कार्यक्रम का सफल आयोजन पर्यटन विभागाध्यक्ष अमित कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। पर्यटन विभाग के विद्यार्थियों ने पूरे समर्पण के साथ महाविद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया।

अंत में सभी स्टाफ सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे होली के इस पावन पर्व की भावना प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को अपने व्यवहार और कार्य संस्कृति में सदैव बनाए रखेंगे। यह आयोजन रंगों के साथ-साथ एकता, संस्कृति और सकारात्मकता का सुंदर संगम साबित हुआ।