March 7, 2026

फरीदाबाद में पंचायतों की प्रारूप मतदाता सूचियां जारी

Faridabad/Alive News: राज्य निर्वाचन आयोग, हरियाणा के निर्देशानुसार जिला फरीदाबाद की विभिन्न ग्राम पंचायतों की प्रारूप मतदाता सूचियां 2 मार्च 2026 को प्रकाशित कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रकाशन 18 फरवरी 2026 की अधिसूचना के अनुपालन में किया गया है।

एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद द्वारा खण्ड फरीदाबाद की ग्राम पंचायत भसकौला, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार द्वारा खण्ड तिगांव की ग्राम पंचायत साहुपुरा खादर व फत्तुपुरा तथा एसडीएम बल्लबगढ़ मयंक भारद्वाज द्वारा खण्ड बल्लबगढ़ की ग्राम पंचायत डीग, फतेहपुर बिल्लौच व जखोपुर की प्रारूप मतदाता सूचियां जारी की गई हैं।

ये सूचियां 12 सितम्बर 2024 को प्रकाशित विधानसभा निर्वाचक नामावली एवं उसके बाद हुए संशोधनों के आधार पर तैयार की गई हैं। संबंधित ग्राम पंचायत व खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालयों में निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी।

उन्होंने बताया कि नाम जोड़ने, संशोधन या हटाने संबंधी दावा-आपत्ति 9 मार्च 2026 सायं 3 बजे तक संबंधित कार्यालय में लिखित रूप में प्रस्तुत की जा सकती है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।