Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) सेक्टर-85 की टीम ने चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में हुई चोरी की तीन वारदातों को सुलझाते हुए भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर और 3,18,000 रुपये की नगदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
पहली बड़ी कार्रवाई तिगांव गांव में हुई 19 फरवरी की चोरी को लेकर की गई। यहां एक घर से जेवर और पैसे चोरी हुए थे। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक नाबालिग को पकड़कर उसकी निशानदेही पर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने की 4 चूड़ियां, 1 चेन, 1 मांग टीका, 4 अंगूठियां, 1 जोड़ी टॉप्स, 1 तागड़ी, चांदी के 3 जोड़ी सैंपल और 30 हजार रुपये नगद शामिल हैं।
इसी तरह, सूरजकुंड थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो अन्य वारदातों को सुलझाते हुए पुलिस ने एक और नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि चोरी का सामान बेचने के बाद जो पैसे मिले थे, उनमें से 88,000 रुपये की नगदी बरामद कर ली गई है।

