Faridabad/Alive News: सीबीएसई की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं। इसी कड़ी में आज हिंदी का पेपर आयोजित किया गया। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते हुए छात्रों के चेहरों पर एक बड़ी मुस्कान और राहत देखने को मिली। अधिकांश छात्रों का मानना है कि इस बार हिंदी का पेपर उम्मीद से काफी आसान रहा और उन्होंने समय रहते अपने सभी उत्तर पूरे कर लिए।
डीएवी पब्लिक स्कूल, एनएच-3 स्थित परीक्षा केंद्र पर बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। छात्रा अनुप्रिया यादव और गीतांशी ने बताया कि पेपर बहुत ही सरल और संतुलित था। छात्रों के अनुसार, विशेष रूप से ‘सेट-1’ और ‘सेट-3’ काफी आसान थे। व्याकरण से लेकर साहित्य तक के सभी प्रश्न उनके पढ़े हुए सिलेबस के भीतर से ही आए थे।
आमतौर पर हिंदी के पेपर में छात्रों को समय की कमी और मात्राओं की गलतियों का डर रहता है। लेकिन परीक्षा देकर बाहर आए बच्चों ने बताया कि पेपर बिल्कुल भी लंबा नहीं था। एक छात्रा ने कहा, “ऐसा लग ही नहीं रहा था कि हम बोर्ड का एग्जाम दे रहे हैं, तैयारी इतनी अच्छी थी कि सब कुछ आसानी से हो गया।” हालांकि, कुछ छात्रों को ‘अनुच्छेद लेखन’ में थोड़ी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन कुल मिलाकर पूरा पेपर काफी अच्छा रहा।
बच्चों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और स्कूल की बेहतर तैयारी को दिया। छात्रों का कहना है कि स्कूल में हुए मॉक टेस्ट और शिक्षकों के मार्गदर्शन की वजह से वे आज बिना किसी तनाव के परीक्षा दे पाए। परीक्षा केंद्र के बाहर का माहौल यह साफ बता रहा था कि हिंदी के पेपर ने विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है।

