Faridabad/Alive News: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को फिजिक्स और इकोनॉमिक्स विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। एनआईटी- 5 के राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पेपर देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरे पर खुशी और संतुष्टि साफ नजर आई।
छात्रों का अनुभव
आमतौर पर फिजिक्स और इकोनॉमिक्स को कठिन विषय माना जाता है, लेकिन आज परीक्षा केंद्र से बाहर आए छात्रों की राय इससे अलग थी। एनवीएम स्कूल के छात्र जतिन गोयल और प्रिंस ने बताया कि इकोनॉमिक्स का पेपर काफी अच्छा रहा। उन्होंने कहा कि जिन्होंने तैयारी की थी, उनके लिए पेपर बहुत आसान था और कुछ भी आउट ऑफ सिलेबस नहीं आया।
वहीं, व्योमेश नामक छात्र ने बताया कि समष्टि और व्यष्टि अर्थशास्त्र के बीच अंतर जैसे सीधे सवाल पूछे गए थे, जिससे पेपर हल करना आसान हो गया।
फिजिक्स में भी दिखा उत्साह
फिजिक्स का पेपर देकर निकले छात्रों ने भी राहत की सांस ली। सुमित और प्रियांश जैसे छात्रों ने बताया कि न्यूमेरिकल और एमसीक्यू काफी सरल थे। छात्रों का कहना था कि पेपर बिल्कुल भी लंबा नहीं था और समय से पहले ही पूरा हो गया। कुछ छात्रों ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर थोड़ी कम तैयारी भी की होती, तब भी पास होने लायक नंबर आ ही जाते पेपर बहुत अच्छा आया था।
शिक्षकों की मेहनत लाई रंग
परीक्षा केंद्र पर मौजूद बच्चों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्कूल और शिक्षकों को दिया। बच्चों का कहना था कि स्कूलों में कराई गई तैयारी और प्री-बोर्ड परीक्षाओं की वजह से उन्हें मुख्य परीक्षा में कोई घबराहट नहीं हुई। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और नियमों का भी पूरा पालन देखा गया।

