Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बड़े अस्पतालों के बाहर सड़कों पर लगने वाले जाम और गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। 2 मार्च 2026 को ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जयवीर सिंह ने शहर के प्रमुख अस्पतालों जैसे एसएसबी, एकॉर्ड, एशियन, फोर्टिस और यथार्थ अस्पताल के प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य मकसद अस्पतालों के बाहर एम्बुलेंस के रास्ते में आने वाली रुकावटों को खत्म करना था।
अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे एक हफ्ते के भीतर अपनी पार्किंग व्यवस्था को सुधारें। डीसीपी ने साफ कहा कि सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी होने से ट्रैफिक जाम होता है, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है। अस्पतालों को आदेश दिया गया है कि वे अपने परिसर के अंदर की खाली जगह का सही इस्तेमाल करें और सड़क पर गाड़ियां न खड़ी होने दें। इसके लिए उन्हें अलग से ‘ट्रैफिक मार्शल’ और सुरक्षाकर्मी तैनात करने होंगे जो गाड़ियों को सही जगह पार्क करवा सकें।
इसके अलावा, अस्पतालों को अपने प्रवेश और निकास द्वार पर साफ संकेत लगाने और एम्बुलेंस मार्ग को पूरी तरह खाली रखने के लिए कहा गया है। बैठक में चेतावनी दी गई कि अगर भविष्य में अस्पतालों के बाहर सड़क पर गाड़ियां खड़ी मिलीं, तो न केवल वाहन मालिकों पर, बल्कि अस्पताल प्रशासन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां तय पार्किंग में ही खड़ी करें ताकि एम्बुलेंस और मरीजों को रास्ता मिल सके।

