March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस का ‘ऑपरेशन आक्रमण’: भारी मात्रा में नशा और अवैध हथियारों के साथ 102 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन आक्रमण’ के तहत शहर भर में छापेमारी की है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चलाई गई इस विशेष मुहिम के दौरान पुलिस की 153 टीमों ने एक ही दिन में 102 आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। इस पूरी कार्रवाई में कुल 549 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया और अलग-अलग अपराधों में संलिप्त इन आरोपियों के खिलाफ 69 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

​इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है, जिसमें 364.5 बोतल देसी शराब, 111 बोतल अंग्रेजी शराब और करीब साढ़े 5 किलो गांजा शामिल है। नशे के अलावा पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 देसी कट्टे और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जुआ खेलने वालों के पास से ₹4840 की नकदी बरामद की गई है। साथ ही, ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती गई और लेन बदलने के नियम तोड़ने पर 241 चालान काटे गए।

​पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि भविष्य में भी अपराधियों पर लगाम कसने के लिए इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। फरीदाबाद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे हमेशा कानून का पालन करें और यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या अपराध की जानकारी मिलती है, तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।