March 7, 2026

होली भाईचारे व एकता का प्रतीक: राजेश भाटिया

Faridabad/Alive News: व्यापार मंडल फरीदाबाद द्वारा तिकोना पार्क में होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन फरीदाबाद टूल्स एंड हार्डवेयर मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान मनीश अदलखा के नेतृत्व में उप-प्रधान सुरेश लखोटिया, महासचिव शैलेश मुंधरा, संयुक्त सचिव मनोज सोमानी एवं खजांची सुमित खंडेलवाल के सहयोग से किया गया।

समारोह में श्री सनातन धर्म महाबीर दल, श्री सनातन धर्म महाबीर दल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सदस्यों सहित शहर के व्यापारी, दुकानदार और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने सभी अतिथियों का चंदन तिलक एवं फूलों से स्वागत किया।

अपने संबोधन में डॉ. भाटिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व है और यह पर्व समाज में आपसी सामंजस्य को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि होली भाईचारे और एकता का प्रतीक है तथा इस दिन सभी गिले-शिकवे भुलाकर प्रेम और सौहार्द का संदेश देना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों एवं शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी तालमेल मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कलाकारों ने होली से संबंधित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। व्यापारियों और दुकानदारों ने फूलों और रंगों से होली खेली तथा नृत्य कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। समारोह में शहर के अनेक प्रमुख व्यापारी एवं सामाजिक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।