Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 26 फरवरी को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कार्तिक (23), निवासी गांव मच्छगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-31 के टाउन पार्क के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी को देसी कट्टा सहित पकड़ लिया। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-31 में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह देसी कट्टा पलवल के हसनपुर से 2500 रुपये में खरीदा था। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

