March 7, 2026

बोर्ड परीक्षाओं को नकल-मुक्त बनाने के लिए डीसी आयुष सिन्हा ने किया निरीक्षण

Faridabad/Alive News:हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के नकल-मुक्त एवं निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन नकल रहित परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, फ्रिस्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा कक्षों का दौरा कर विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, परीक्षा संचालन की प्रक्रिया और अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता में लिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों तथा सहयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और विद्यार्थियों को ईमानदारी एवं पूर्ण तैयारी के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करें।