Faridabad/Alive News: डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के बीबीए द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए News18 India, नोएडा में एक शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह भ्रमण एआईसीटीई के दिशानिर्देशों के अनुरूप बीबीए पाठ्यक्रम के अंतर्गत ‘मीडिया साक्षरता एवं समालोचनात्मक चिंतन’ विषय के तहत आयोजित किया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न्यूज़रूम एवं स्टूडियो का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने लाइव रिपोर्टिंग, समाचार निर्माण और एडिटिंग की संपूर्ण प्रक्रिया को करीब से समझा। साथ ही मीडिया पेशेवरों के साथ आयोजित संवादात्मक सत्र में भाग लेकर प्रसारण से जुड़ी बारीकियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर छात्रों को ब्रॉडकास्टिंग सॉफ्टवेयर, डिजिटल एडिटिंग टूल्स तथा मीडिया उद्योग में सटीकता, टीमवर्क, तीव्रता और नैतिक पत्रकारिता के महत्व से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने मीडिया उद्योग की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप में समझते हुए अपने ज्ञान को समृद्ध किया।
कार्यक्रम का सफल समन्वयन बीबीए विभागाध्यक्ष ओमिता जोहर तथा इवेंट इंचार्ज रीता रानी द्वारा किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमणों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

