March 7, 2026

हरियाणा बोर्ड परीक्षा : 12वीं अंग्रेजी का पेपर रहा आसान, खिले परीक्षार्थियों के चेहरे ​

Faridabad/Alive News : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं आज बुधवार से शुरू हो गई हैं। पहले दिन अंग्रेजी की परीक्षा थी। परीक्षा देकर एनआइटी पांच राजकीय विधालय के केंद्र से बाहर निकलते समय विद्यार्थियों के चेहरे खिले दिखाई दिये। अधिकतर विद्यार्थियों ने पेपर को उम्मीद से ज्यादा आसान और सिलेबस के अंदर का बताया।

तैयारी ने दूर किया सुबह का डर
छात्रा नवनीत और तनीषा ने बताया कि जब ​सुबह परीक्षा केंद्र पर पहुंचे तो उनके मन में घबराहट थी कि पेपर कैसा आएगा, लेकिन प्रश्न पत्र हाथ में आते ही सारा डर खत्म हो गया। हमने जो पढ़ा था, बिल्कुल वैसा ही पेपर आया।”

प्री-बोर्ड और स्कूल की मेहनत आई काम
परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर आये ​पर्वतीया कॉलोनी के शिवाजी पब्लिक स्कूल की छात्रा आरती और रजनी ने बताया कि अच्छा पेपर करने में सफलता मिली उसका श्रेय स्कूल की विशेष तैयारी को जाता है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने एक महीने पहले से ही उन्हें खास माहौल में बिठाकर तैयारी करवाई थी। प्री-बोर्ड परीक्षाओं का स्तर थोड़ा कठिन रखा गया था, जिसकी वजह से बोर्ड का असली पेपर उन्हें काफी आसान लगा।

टाइम मैनेजमेंट रहा अहम
​छात्र प्रिंस और अभिषेक के अनुसार, पेपर थोड़ा लंबा जरूर था, लेकिन तैयारी अच्छी होने के कारण समय पर पूरा हो गया। प्रिंस ने कहा, “अगर स्पीड सही रखी जाए, तो पेपर ढाई से पौने तीन घंटे में आराम से खत्म किया जा सकता था। कुछ भी ऐसा नहीं था जो समझ न आए।”

अब अगले पेपरों की तैयारी
​पहला पेपर बेहतरीन होने से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ गया है। ग्रामर से लेकर लिटरेचर तक के सभी सवाल सरल होने के कारण छात्र अब अगले पेपरों के लिए भी खासे उत्साहित हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।