Faridabad/Alive News: केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त विकास गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा में नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कौशल-आधारित सीखने पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने फरीदाबाद के एनआईटी-2 स्थित पीएम श्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एनआईटी-3 स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-3 का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ उपायुक्त आयुष सिन्हा भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, स्कूलों की सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कक्षाओं, विज्ञान और कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल मैदान, व्यावसायिक शिक्षा लैब, स्मार्ट क्लास और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गतिविधि-आधारित शिक्षण और तकनीक से जुड़ी पढ़ाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता की सराहना की। छात्रों ने 3D प्रिंटर से बनाई माँ सरस्वती की प्रतिमा प्रस्तुत की, जो आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति का सुंदर उदाहरण थी। इसके अलावा “Frutu Scan” फूड सेग्रीगेशन मशीन, ऊष्मा से बिजली बनाने वाला मॉडल और “Spoil Alert” स्मार्ट फ्रिज भी दिखाया गया, जो खाद्य पदार्थ खराब होने से पहले मोबाइल पर सूचना भेजता है। विद्यार्थियों द्वारा तैयार एग्रोवाइटल टैबलेट्स का भी प्रदर्शन किया गया, जो मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में सहायक बताए गए।
आयुक्त ने शिक्षकों के साथ बैठक में पीएम श्री योजना के उद्देश्यों समग्र विकास, कौशल-आधारित शिक्षा, ग्रीन स्कूल अवधारणा, डिजिटल संसाधनों का उपयोग और 21वीं सदी के कौशल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन और तकनीकी समस्याओं की जानकारी भी ली तथा उन्हें उच्च स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि योजना के तहत नई लैब सामग्री, पुस्तकें, खेल संसाधन, एडवेंचर कैंप और शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियों से छात्रों का आत्मविश्वास और नामांकन बढ़ा है। कंप्यूटर साइंस, ब्यूटी एंड वेलनेस और होम साइंस जैसे विषयों में विद्यार्थियों की रुचि भी बढ़ी है।
कार्यक्रम के अंत में आयुक्त विकास गुप्ता और उपायुक्त आयुष सिन्हा ने केंद्रीय विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग और विद्यालयों के कई अधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।

