June 13, 2026

कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी मुकेश ने सेक्टर-28 पुलिस चौकी में शिकायत दी थी कि 16 फरवरी को वह अपने परिवार के साथ लाइफ सिटी मॉल आया था। उसने अपनी गाड़ी पार्किंग में खड़ी की और परिवार के साथ मॉल के अंदर चला गया। जब वह वापस लौटा तो देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गाड़ी का पिछला शीशा तोड़ दिया था और अंदर रखा लैपटॉप चोरी कर लिया।

इस संबंध में थाना सेक्टर-31 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (24) और चन्द्रपाल (22) के रूप में हुई है, जो अम्बेडकर नगर के रहने वाले हैं और आपस में सगे भाई हैं।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। उन्होंने 16 फरवरी को मॉल की पार्किंग में खड़ी गाड़ी का पिछला शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी किया और स्कूटी पर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।