March 7, 2026

सेक्टर-49 में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन, एकता व सांस्कृतिक मूल्यों पर जोर

Faridabad/Alive News: सेक्टर-49 में संतोष अग्रवाल (उपाध्यक्ष, क्रीड़ा भारती फरीदाबाद) के नेतृत्व में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध जनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में हिन्दू परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलित कर शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू एकता, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करना रहा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए हिन्दू क्रांतिकारी दल के अध्यक्ष महंत मछेन्द्र पुरी महाराज ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से हिन्दू समाज को जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक एकता और संगठित रहने की आवश्यकता पर बल दिया।

छोटूराम डागर ने अपने वक्तव्य में शरीर और मन को स्वस्थ रखने के लिए योग को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनता है।

महानगर सह संपर्क प्रमुख संदीप ने “पंच परिवर्तन” विषय पर विस्तृत जानकारी साझा की और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। वहीं महानगर कार्यवाह सुनील मिश्रा ने संघ की 100 वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं कुटुंब प्रबोधन जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा पारिवारिक मूल्यों को आत्मसात करने पर बल दिया गया। अंत में उपस्थित जनसमूह ने सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया।