March 7, 2026

ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग फिर शुरू, 25 फरवरी 2026 तक खुलेगा पोर्टल : एडीसी

Faridabad/Alive News: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को अपना घर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की बुकिंग के लिए पोर्टल को पुनः खोलने का निर्णय लिया है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने दी।

एडीसी ने बताया कि दिनांक 23 अक्टूबर 2025 की ईडब्ल्यूएस नीति के तहत लाइसेंसधारी बिल्डरों द्वारा विकसित लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित फ्लैटों की बुकिंग हेतु पोर्टल को जनहित में दोबारा संचालित किया जा रहा है। यह पोर्टल 25 फरवरी 2026 तक, कुल छह दिनों के लिए खुला रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान पात्र आवेदक ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अंतर्गत फ्लैटों की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के लिए आवेदकों को पोर्टल पर लॉगिन कर प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।

एडीसी सतबीर मान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र आवेदकों को पोर्टल पुनः खोले जाने की सूचना समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, शेष पात्र लाभार्थियों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचित किया जाएगा, ताकि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी बुकिंग सुनिश्चित कर सकें।

उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे 25 फरवरी 2026 से पूर्व पोर्टल पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें, क्योंकि इसके बाद बुकिंग का अवसर उपलब्ध नहीं रहेगा।